इंदौर. एन पी न्यूज 24 – मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के 107 मामलों में 82 अकेले इंदौर से हैं। वहां के हालात काफी नाजुक हैं। ऐसे में हेल्थ डिपार्टमेंट की टीमें अलग-अलग इलाकों में जाकर COVID-19 संक्रमण से जुड़ा सर्वे कर रही हैं। टाटपट्टी बाखल में पहुंची मेडिकल टीम पर बुधवार को स्थानीय लोगों ने पथराव किया। उस टीम में दो महिला डॉक्टर्स शामिल थीं। सब किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे। मामला बेहद गंभीर था। घटना के बाद, एफआईआर दर्ज की गई। वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों में से सात को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी टाटपट्टी बाखल के ही रहने वाले हैं।
महिला चिकित्सक घायल हुई थीं : बता दें कि टाटपट्टी बाखल इलाके में बुधवार को पथराव की घटना में दो महिला डॉक्टरों के पैरों में चोटें आई थीं। दोनों महिला डॉक्टर कोरोना वायरस के खिलाफ अभियान चला रहे स्वास्थ्य विभाग के पांच सदस्यीय दल में शामिल थीं। यह दल कोरोना वायरस संक्रमण के एक मरीज के संपर्क में आये लोगों को ढूंढने गया था। वहां के स्थानीय लोगों की ओर से स्वास्थ्य कर्मियों के दल पर पथराव किया जाने लगा। अब पुलिस ने इस घटना में मिले सुरागों के आधार पर 7 लोगों को हिरासत में लिया है। जिला प्रशासन ने इनमें से चार लोगों- मोहम्मद मुस्तफा (28) , मोहम्मद गुलरेज (32), शोएब (36) और मजीद (48) को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून ( रासुका) के तहत रीवा के केंद्रीय जेल भेजने के आदेश दिये हैं।
फैली थी अफवाह : स्वास्थ्य कर्मियों पर पथराव की यह घटना सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के बाद असामाजिक तत्वों के उकसावे के चलते सामने आई थी। इस बीच, अपराध निरोधक शाखा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश दंडोतिया ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाहों से भरे भड़काऊ संदेश फैलाने के मामले में चार लोगों पर भारतीय दंड विधान और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के संबद्ध प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में आरिफ खान (26) को गिरफ्तार किया गया है। तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Leave a Reply