पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तबीयत बिगड़ी, एम्स में भर्ती, आधा दर्जन डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी

0

नई दिल्ली : एन पी न्यूज 24 – देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को दिल्ली के एम्स में भर्ती करवाया गया है। सूत्रों के मुताबिक सीने में दर्द की शिकायत के बाद पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को एम्स में भर्ती कराया गया है। नजदीकी सूत्र के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है। एम्स सूत्रों के मुताबिक, रविवार शाम करीब 8:45 बजे मनमोहन सिंह को एम्स लाया गया जहां उन्हें हृदय और वक्ष विभाग के आईसीयू में भर्ती कर जांच शुरू कर दी गई। एम्स के वरिष्ठ डॉक्टर नीतीश नायक के नेतृत्व में आधा दर्जन डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुट गई।

लोग ट्विटर पर स्वस्थ होने की कर रहे कामना –
बता दें कि 87 साल के मनमोहन सिंह के एम्स में भर्ती होने की खबर से खास और आम लोग चिंतित हो गए और ट्विटर पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उनके स्वस्थ होने की कामना की है।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा, ‘देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अस्वस्थ होने की अभी जानकारी मिली। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’ वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि वो पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को एम्स में भर्ती कराने के बाद काफी चिंतित हैं। अशोक गहलोत ने मनमोहन सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

हो चुकी है बाइपास सर्जरी –
बता दें कि 2009 में उनकी एम्स में ही कोरोनरी बाइपास सर्जरी हुई थी। दो बार देश के प्रधानमंत्री रह चुके डॉ. मनमोहन सिंह इस समय राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। वह 2004 से 2014 के बीच देश के प्रधानमंत्री थे।

देश के 13वें प्रधानमंत्री –
बता दें कि मनमोहन सिंह देश के 13वें प्रधानमंत्री रहे हैं। मई 2004 से लेकर मई 2014 तक लगातार 10 साल मनमोहन सिंह ने देश के प्रधानमंत्री के तौर पर अपनी सेवाएं दी है। वहीं मनमोहन सिंह देश के वित्त मंत्री भी रह चुके हैं। जून 1991 से मई 1996 तक मनमोहन सिंह ने देश के 22वें वित्त मंत्री के तौर पर अपनी सेवाएं दी हैं। इसके अलावा मनमोहन सिंह आरबीआई के 15वें गवर्नर भी रह चुके हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.