झारखंड चुनाव : दुमका से हेमंत पीछे, जमशेदपुर से रघुवर को मामूली बढ़त

0

रांची : एन पी न्यूज 24 – झारखंड विधानसभा की 81 सीटों के लिए सोमवार को हो रही मतगणना के शुरुआती रूझानों में झामुमो, राजद, कांग्रेस का गठबंधन भाजपा से आगे चल रहा है। परंतु झामुमो के नेता हेमंत सोरेन दुमका से पीछे चल रहे हैं। हालांकि बरहेट से वह बढ़त बनाए हुए हैं। शुरुआती रुझान में झामुमो गठबंधन 40 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रहा है। राज्य निर्वाचन विभाग के सूत्रों के मुताबिक, अभी तक आए मतगणना के रुझानों के मुताबिक, झामुमो गठबंधन 42 सीटों पर आगे चल रहा है। जबकि भाजपा 29 सीटों पर आगे चल रही है। झाविमो चार और आजसू तीन सीटों पर आगे चल रही है। अभी तक 77 सीटों के रुझान सामने आया है। हालांकि यह शुरुआती रुझान है।

इस बीच प्रारंभिक दौर में पिछड़ने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर (पूर्वी) से आगे चल रहे हैं। वह कांटे की टक्कर में निकटतम प्रतिद्वंद्वी सरयू राय से 372 मतों से बढ़त बनाए हुए हैं। इधर, दुमका में झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन भाजपा की लुईस मरांडी से तीन हजार से अधिक मतों से पीछे चल रहे हैं। हालांकि बरहेट में सोरेन 1672 मतों से बढ़त बनाए हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि पांच चरणों में 30 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच हुए मतदान के बाद सभी सीटों के लिए ईवीएम में बंद मतों की गणना सोमवार को जारी है।

झारखंड विधानसभा चुनाव में 1,087 पुरुष, 127 महिला तथा एक तीसरे लिंग के उम्मीदवारों समेत कुल 1,215 उम्मीदवारों ने अपना भाग्य आजमाया था, जिनके भविष्य पर आज फैसला सुनाया जाएगा।

इस बीच 24 जिला मुख्यालयों में त्रिस्तरीय सुरक्षा के बीच मतगणना जारी है।

मतगणना का अधिकतम दौर चतरा में 28 राउंड और सबसे कम दो राउंड चंदनकियारी और तोरपा सीटों पर होगा।

visit : npnews24.com

Leave A Reply

Your email address will not be published.