पिंपरी। .एन पी न्यूज 24 – कोरोना का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को पुणे से सटे पिंपरी चिंचवड़ शहर में इस बीमारी का एक और मरीज मिला है। यह मरीज अमेरिका से दुबई होकर मुंबई और उसके बाद पुणे पहुंचा था। जांच में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इसके बाद पिंपरी चिंचवड़ शहर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 10 और पुणे में 17 तक पहुंच गई है। गौरतलब हो कि, कोरोना के सर्वाधिक मरीज पूरे देश में महाराष्ट्र और महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा पुणे में पाए गए हैं।
पुणे के संभागीय आयुक्त डॉ. दीपक म्हैसेकर एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि, गत रात विदेश से आये 1048 यात्री पुणे एयरपोर्ट पर उतरे थे। सभी यात्रियों की जांच की गई जिनमें से किसी मे भी कोरोना के लक्षण नहीं मिले। सभी को होम क्वारंटाईन की सूचना देकर घर छोड़ा गया। मुंबई से आये एक मरीज के कोरोना से संक्रमित रहने की पुष्टि होने के बाद उसे हॉस्पिटल में भेजा गया है। यह मरीज अमेरिका से दुबई होकर मुंबई पहुँचा था। मुंबई से गत रात वह पुणे पहुंचा था।
डॉ. दीपक म्हैसेकर ने संवाददाताओं को बताया कि, विदेश से आये यात्रियों तक प्रशासन पहुंच रहा है। उन्हें घरों में ही अलग कमरे में रहने की सूचना दी गई है। उन्हें कहा गया है कि वे कुछ दिन तक घरों से बाहर न निकले। खुद को समाज और परिवार से दूर रखें, इसमें उनकी और पूरे समाज की भलाई है। उन्होंने यह चेतावनी भी दी है कि प्रशासन द्वारा घरों में अलग रहने की सूचना दिए गए व्यक्ति बाहर घूमते नजर आए तो प्रशासन उसके साथ सख्ती से निपटेगा। क्योंकि किसी एक के लिए पूरे समाज को खतरे में नहीं डाला जा सकता।
Leave a Reply