राणा कपूर ने डमी कंपनियों के नाम पर 2200 करोड़ का किया घपला, कई राजनेता भी रडार पर

0

नई दिल्ली. एन पी न्यूज 24  – यस बैंक के संस्थापक राणा कपूर 11 मार्च तक प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में हैं। उनसे हुई पूछताछ में कई नए खुलासे हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, बैंक घोटाले में यह बहुत छोटा सा मामला है। कई और बड़े मामले सामने आने बाकी हैं। सूत्रों के अनुसार, राणा कपूर परिवार के सदस्यों की करीब 25 डमी कंपनियों का पता चला है। इनमें कई कंपनियों पर अप्रत्यक्ष रूप से राणा की पत्नी और बेटियों का एकाधिकार है। बताया जा रहा है कि इन कंपनियों में कथित तौर पर कई भारतीय राजनेताओं की हिस्सेदारी भी है।
बता दें कि यस बैंक के संस्थापक राणा कपूर को ईडी ने रविवार की सुबह गिरफ्तार किया था। उसके बाद अदालत ने उन्हें 11 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेजने के आदेश दिए थे। जांच एजेंसी के सूत्र बताते हैं कि कपूर और उनके परिवार के कई सदस्यों ने अपने पद का दुरुपयोग कर बैंक को चूना लगाया है। इस मामले में यस बैंक के संस्थापक की पत्नी और तीन बेटियां भी शामिल बताई जा रही हैं। ईडी ने कपूर के आवास और दफ्तरों पर छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। राणा कपूर की पत्नी बिंदु तथा तीनों बेटियों के आवास एवं प्रतिष्ठानों की तलाशी ली गई है। इस दौरान पता चला है कि राणा परिवार ने डमी कंपनियों की मदद से करीब 2200 करोड़ रुपये का निवेश किया है। डमी कंपनियां खोलने के लिए परिवार के सदस्यों के अलावा बैंक के कई भरोसेमंद अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। कथित रिश्वत देने या रुपयों की हेराफेरी करने जैसे सभी काम इन्हीं कंपनियों की आड़ में होते थे।  बैंक के पैसे को इधर-उधर घुमाकर अपने लिए संपत्ति जुटाने की खातिर कपूर परिवार ने अनेक डमी कंपनियों की मदद ली है। इन कंपनियों की मदद से इस परिवार ने कई देशों में चल-अचल संपत्तियां खरीदी है।  आरोप है कि कपूर ने अपने परिवार के नियंत्रण वाली विभिन्न डमी कंपनियों के लिए 2,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.