पिंपरी चिंचवड में बढ़े बलात्कार व छेड़छाड़ के मामले

11 माहों में बलात्कार के 151 एवं छेड़छाड़ के 397 मामले दर्ज

0
पिंपरी : एन पी न्यूज 24 – पिंपरी चिंचवड की उद्योगनगरी में बलात्कार, छेड़छाड़ जैसे महिला अत्याचार के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जोकि चिंता का सबब बन गया है। जारी वर्षभर में नवंबर माह के अंत तक पिंपरी चिंचवड पुलिस आयुक्तालय के 15 पुलिस थानों में बलात्कार के 151 और छेड़छाड़ के 397 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आयी है। ये बढ़ते आंकड़े शहर में महिलाओं की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा रहे हैं।
एक जनवरी से 31 नवंबर 2019 के बीच पिंपरी चिंचवड पुलिस आयुक्तालय में बलात्कार, विनयभंग, जबरी चोरी, घरफोडी, विश्वासघात, फसवणूक, प्राणघातक हादसों के मामले बढ़े हैं। हालांकि हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, चोरी की घटनाओं में कमी आयी है। इस वर्ष बलात्कार और छेड़छाड़ के कुल 548 मामले दर्ज हुए जिनमें से 541 मामले उजागर किये जा चुके हैं। पिछले साल 430 मामलों में से 417 मामले उजागर हुए थे। बलात्कार व छेड़छाड़ के बढ़ते मामलों के साथ उसके उजागर होने के आंकड़े संतोषजनक हैं।
इस साल चोरी की वारदातों ने पुलिस को परेशान कर छोड़ा है उसी में एटीएम चोरी की घटनाओं ने तो नाक में दम कर रखा है। इस साल एटीएम चोरी के 13 घटनाएं घटी हैं। इसमें कुछ चुनिंदा मामले ही उजागर करने में सफलता मिली है। पूरी की पूरी एटीएम मशीन ही चुरा लिए जाने के मामलों में तो पुलिस को कोई सुराग तक नहीं मिल सका है। इन मामलों की जांच के लिए एक स्पेशल टीम भी गठित की गई है। इसके अलावा लूटपाट और सेंधमारी की वारदातों में भी इजाफा नजर आता है। लूटपाट के 333 मामले दर्ज हुए जिनमें से 202 मामले ही उजागर हो सके।
वहीं दिनदहाड़े सेंधमारी की 51 में से 11 और रात में हुई सेंधमारी की 294 में से मात्र 86 मामले ही उजागर किये जा सके हैं। वाहनचोरी की वारदातें आये दिन बढ़ रही हैं। अब तक 2021 वारदातें दर्ज हुई हैं जिनमें से मात्र 369 मामलों को ही उजागर किया जा सका है। गत साल जनवरी से नवंबर तक शहर में कुल 12 हजार 573 आपराधिक वारदातें दर्ज हुई हैं जिनमें से 10 हजार 31 मामले उजागर किये गए हैं। जबकि इस वर्ष इसी कालावधि में 9362 मामले दर्ज हुए हैं जिनमें से 7024 मामले उजागर किये गए है। गत साल की तुलना में वारदातें उजागर होने का प्रमाण पांच फीसदी से घटा है।
visit : npnews24.com
Leave A Reply

Your email address will not be published.