पुणे/पिंपरी। एन पी न्यूज 24 – यद्यपि कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सरकार से लेकर प्रशासन तक युद्ध स्तर पर मुहिम चलाए हुए हैं। बावजूद इसके इसका आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को एक ही दिन में कोरोना के चार मरीज मिलने से खलबली मच गई है। इससे पुणे जिले में इस महामारी के मरीजों की संख्या 27 तक जा पहुंची है जिसमें पिंपरी चिंचवड़ के 12 मरीज शामिल हैं। हालांकि सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है मगर उनमें से एक मरीज की तबीयत गंभीर है।
पुणे में इससे पहले मिले कोरोना ग्रस्त के 17 वर्षीय पुत्र, 44 वर्षीय बहन, 47 वर्षीय जीजा और 21 वर्षीय भांजी की कोरोना जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। पुणे में अब तक मिले 15 एवं पिंपरी चिंचवड़ में मिले 12 कुल 27 में से 26 मरीजों की तबीयत स्थिर बताई जा रही है। हालांकि एक मरीज की तबीयत नाजुक रहने से उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। पिंपरी चिंचवड़ में आज नए से 9 मरीजों की लार के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं आज एक भी रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं मिलने से शहर में मरीजों की संख्या 12 पर ही स्थिर है, इससे राहत महसूस की जा रही है।
पिंपरी चिंचवड़ मनपा के वाईसीएम और भोसरी हॉस्पिटल से अब तक कुल 121 मरीजों की लार के नमूने जांच के लिए भेजे गए थे जिनमें से 12 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इन सभी की तबीयत स्थिर बताई गई है। कोरोना का संसर्ग रोकने के लिए 244 कर्मचारियों की क्षेत्रीय सर्वेक्षण टीम ने अब तक तीन लाख 37 हजार 272 घरों का सर्वे किया। अब तक दूसरे देशों की यात्रा से लौटे शहर के 910 मरीजों होम क्वारण्टाइन किया गया है। मनपा आयुक्त श्रावण हार्डिकर और जिलाधिकारी नवलकिशोर राम ने कोरोना का प्रसार रोकने के लिए बेवजह घरों से बाहर निकलना टालने की अपील की है।
मनपा आयुक्त हार्डिकर ने लोगों से यह अपील भी की है कि, फ्लू समान लक्षण दिखाई देने और तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। चीन, डेमोक्रेटिक रिपब्लीक ऑफ कोरिया, फ्रान्स, जर्मनी, स्पेन, इटली, इरान, दुबई, सौदी अरेबिया व युनायटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका देशों से आये नागरिक 14 दिनों तक घरों में ही अलग रहेंं। कोरोना के बारे में जानकारी पाने के लिए मनपा की सारथी हेल्पलाइन 8888006666 और 9922501450 पर संपर्क करें। इसके अलावा idsp.mkcl.org नामक राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई वेबसाइट पर कोरोना के संदिग्ध मरीजों की जानकारी देने की अपील भी उन्होंने की है।
Leave a Reply