पुणे में कोरोना के 8 मरीज़ों का इलाज जारी

सोशल मीडिया में मरीजों के नाम उजागर करनेवालों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

0
पुणे। एन पी न्यूज 24- पुणे में तीन और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद जिले में इस बीमारी के संख्या 8 हो गई है। सभी मरीजों का नायडू हॉस्पिटल में इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर है। बहरहाल पुणे के संभागीय आयुक्त डॉ दीपक म्हैसेकर ने लोगों को चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया में कोरोना संक्रमित मरीजों की जानकारी या नाम उजागर करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर यकीन न रखें और न फैलाएं, यह हिदायत भी उन्होंने दी है।
10 मार्च को दुबई से आई एक दंपति कोरोना वायरस से संक्रमित पायी गई। उनके अलावा उनकी बेटी और कैब ड्राइवर के अलावा एक सह यात्री भी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। उन सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कल और तीन मरीज मिलने से पुणे जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या आठ तक पांच पहुंच गई है। ये तीनों भी उसी फ्लाइट से आए थे। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी नवलकिशोर राम ने कहा कि सभी की हालत स्थिर है।
दुबई से आई दंपति के साथ आए अन्य लोगों के समूह की सूची प्राप्त हो गई है और संबद्ध जिलों के अधिकारियों को उनकी मेडिकल जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। 21 स्थानों पर 200 बेड के पृथक केंद्र बनाए गए हैं। संभागीय आयुक्त ने लोगों से सोशल मीडिया के इस्तेमाल के दौरान सामाजिक दायित्व का ध्यान रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कोरोना बीमारी और उसके मरीजों के बारे कई अफवाहें फैल रही हैं। मरीजों के नाम उजागर किये जा रहे हैं। इससे मरीजों और उनके घरवालों को बेवजह तकलीफ हो रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी भी उन्होंने दी है।
Leave A Reply

Your email address will not be published.