पुणे से महाराष्ट्र में दाखिल हुआ कोरोना

दुबई से आई संक्रमित दंपति; नायडू अस्पताल में दाखिल

0
पुणे। एन पी न्यूज 24 – चीन से फैली महामारी कोरोना पुणे से महाराष्ट्र में दाखिल हो गई है। पुणे में कोरोना वायरस से जुड़ा महाराष्ट्र का पहला केस सामने आया है। इसमें पति-पत्नी कोरोना वायरस से संक्रमित बताए जा रहे हैं। ये दोनों मरीज एक जनवरी को दुबई से पुणे लौटे थे। दोनों पुणे की एक ट्रेवल एजेंसी की ओर से आयोजित दुबई टूर के लिए खाड़ी देश गए थे।
इन दोनों पति-पत्नी को एक जनवरी से अब तक कोई तकलीफ नहीं हुई लेकिन सोमवार सुबह उन्हें दिक्कत महसूस होने लगी। इसे देखते हुए दोनों पति-पत्नी पुणे के नायडू अस्पताल पहुंचे जहां उनका टेस्ट किया गया। दोनों के स्वाब लेकर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी में टेस्ट के लिए भेजा गया। इनके सैंपल पॉजिटिव आने के बाद नायडू अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब उन्हें अन्य 40 यात्रियों की तलाश है, जिसके बाद इन 40 लोगों पर नजर रखी जाएगी। इसी के साथ जरूरत पड़ने पर इन 40 लोगों को भी टेस्टिंग के लिए नायडू अस्पताल भर्ती किया जा सकता है। पुणे मनपा के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.रामचंद्र हंकरे ने बताया कि दुबई की यात्रा कर आए एक पुरुष और महिला के नमूनों की जांच में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई। दोनों मरीज नगर निगम द्वारा संचालित नायडू अस्पताल में भर्ती हैं।
पुणे के जिलाधिकारी नवल किशोर राम ने बताया कि दोनों एक मार्च को दुबई से पुणे आए थे। छह मार्च तक दोनों मरीजों को कोई समस्या नहीं थी। एक व्यक्ति में संक्रमण के हल्के लक्षण उभरने पर दोनों आठ मार्च को हमारे पास आए। इसके बाद उनके नमूने जांच के लिए भेजे गये हैं। सोमवार को आए नतीजों में उनके वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। दोनों को अभी नायडू अस्पताल के पृथक वार्ड में रखा गया है और उनकी हालत स्थिर है। हम उन लोगों के संपर्क में हैं जो इन मरीजों के संपर्क में आए थे और करीब से उनकी निगरानी कर रहे हैं।
Leave A Reply

Your email address will not be published.