कोरोना से लगातार बढ़ रहा हैं मौत का आंकड़ा, कहीं अर्थी को नहीं मिला कंधा, तो कहीं आधी रात को जलाना पड़ा शव

0

चंडीगढ़ : एन पी न्यूज 24 – कोरोना वायरस से देश-विदेश में हर दिन हजारों मौतें हो रही है। पूरी दुनिया में कोरोना का कहर देखा जा रहा है। अब इसका सीधा असर भारत में दिखने लगा है। मौजूदा समय में देश में कोरोना मरीजों की संख्या 2014 है। जबकि 56 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। अब पंजाब में कोरोना वायरस के कारण हालात बिगड़ते नजर आ रहे है। इस महामारी से पीड़ित आज एक और मरीज ने दम तोड़ दिया, जिससे मौत का आंकड़ा 5 हो गया है।

सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के पूर्व हुजूरी रागी पद्मश्री भाई निर्मल सिंह खालसा का गुरुवार सुबह गुरु नानक देव अस्पताल अमृतसर में निधन हो गया। उनकी कोरोना टैस्ट की रिपोर्ट गत दिवस पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उनके स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आ रही थी। इससे पहले मोहाली के 65 वर्षीय बुजुर्ग की चण्डीगढ़ पी.जी.आई. में मंगलवार को मौत हो गई। मंगलवार शाम को उसका शव मोहाली के श्मशान घाट में लाया गया। मृतक का बड़ा बेटा भी साथ ही था। शव श्मशान घाट पहुंचा तो मृतक के बेटे ने अधिकारियों को शव एंबुलेंस से निकलवाने के लिए कहा लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी। इतना ही नहीं, उसने शव उतारने के लिए श्मशान घाट में काम करने वाले लोगों की भी मिन्नतें की लेकिन कोई आगे नहीं आया। आखिरकार डेढ़ घंटे बाद प्रशासन ने पहले शव को सैनेटाइज करवाया और फिर श्मशान घाट के 2 कर्मचारियों पी.पी.ई. किट पहनाया गया। इसके बाद कहीं जाकर 3 लोगों की मदद से शव को एंबुलेंस से बाहर निकाल कर इलेक्ट्रानिक भट्टी में ले जाया गया। कोरोना ने हालात ऐसी कर दिए कि बुजुर्ग को आखिरी समय में 4 कंधे भी नसीब नहीं हुए।

इधर लुधियाना से राजिंद्रा अस्पताल में भर्ती हुई पूजा जिसकी कोरोना से मौत हो गई थी, का शव अस्पताल के अंदर ही दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक पड़ा रहा। कोरोना की वजह से पार्थिव शरीर भी ले जाने के लिए कोई एंबुलेंस तैयार नहीं हुआ। आखिर अस्पताल प्रशासन ने आधी रात के समय श्मशान घाट की गाड़ी लुधियाना भेजी। कड़ी मश्कत के बाद अस्पताल प्रशासन ने देर रात 1.30 बजे पूजा का पार्थिव शरीर को लेकर उसके दोनों बेटे, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारी लुधियाना श्मशान घाट पहुंचे। वहां रात में ही अंतिम संस्कार किया गया।

पंजाब में 45 लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 19 नवांशहर जिले, 10 मोहाली, 6 होशियारपुर, 5 जालंधर, 3 लुधियाना, एक पटियाला और 1 व्यक्ति अमृतसर जिले से हैं। मरने वालों में नवांशहर जिले के 70 वर्षीय बुजुर्ग पाठी की 18 मार्च को मौत हो गई थी। 30 को पटियाला में भर्ती लुधियाना के अमरपुरा की 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इसके बाद 31 को मोहाली के नया गांव निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.