मेरठ. एन पी न्यूज 24 – उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक ही परिवार में आठ नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसके साथ ही फैमिली में 13 लोगों को कोरोना संक्रमण हो गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजकुमार के मुताबिक जिले में कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या अब बढ़कर 13 हो गई है। सभी 13 पीड़ित एक ही परिवार के हैं। अभी मरीजों की संख्या बढ़ने का अनुमान है क्योंकि निगरानी में लिए गए 46 में से सिर्फ 11 की ही जांच हुई है। 35 की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।
बढ़ सकती है संख्या : दरअसल, खुर्जा का रहने वाला शख्स महाराष्ट्र के अमरावती से मेरठ में अपनी ससुराल आया था। इसके बाद उसकी पत्नी और तीन रिश्तेदारों में कोरोना संक्रमण मिला था। उसके बाद चेन ऑफ ट्रांसमिशन से बाकी लोगों को ट्रेस किया गया। आशंका है कि पीड़ितों की तादाद बढ़ सकती है, क्योंकि 46 में से 11 की ही रिपोर्ट आई है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में इस प्रकरण को लेकर काफी हड़कंप मचा है। डॉक्टरों का मानना है कि कोरोना वायरस पीड़ित मरीजों का आंकड़ा काफी बढ़ सकता है, क्योंकि संक्रमित मरीज कई लोगों के संपर्क में आए होंगे।