बांद्रा स्टेशन मामला : ट्रेनों के बारे में गलत सूचना 11 तरीकों से फैलायी गई : महाराष्ट्र के गृहमंत्री
मुंबई : एन पी न्यूज 24 – कोरोना वायरस के कहर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में लॉकडाउन की अवधि को 19 दिन के लिए और बढ़ा दिया है। अब देश में 3 मई तक लॉकडाउन जारी रहेगा। इसके कुछ ही देर बाद मंगलवार दोपहर मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर लगभग हजार की संख्या में दिहाड़ी मजदूर जमा होकर अपने गृहनगर भेने जाने की मांग करने लगे। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी। बाद में नवी मुंबई पुलिस ने आरोपी विनय दुबे नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है।
इस बीच महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने बुधवार को कहा कि ट्रेन सेवाएं शुरू होने के बारे में गलत सूचना फैलाने के लिए 11 अलग-अलग तरीके अपनाए गए हैं और यह प्रवासी मजदूरों के इक्कट्ठे होने का एक कारण था। देशमुख ने कहा कि इन घटनाओं के मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही हैं और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘14 अप्रैल, 2020 से ट्रेनों की शुरुआत के बारे में गलत सूचना फैलाने के लिए 11 अलग-अलग तरीकों का उपयोग किया गया। (सोशल मीडिया) खातों का पता लगाया गया है। प्राथमिकी दर्ज की जा रही हैं और इसके बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अफवाहों को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आरिफ नसीम खान ने दावा किया कि महाराष्ट्र सरकार प्रवासी मजदूरों को लॉकडाउन के मद्देनजर उनके गृह राज्यों को भेजने के लिए तैयार है लेकिन संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्री उन्हें स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं।