बड़ी खबर : बांद्रा स्टेशन पर मजदूरों को गुमराह करने वाले आरोपी गिरफ्तार, 1000 लोगों पर FIR

0

मुंबई : एन पी न्यूज 24- कोरोना वायरस  के कहर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में लॉकडाउन की अवधि को 19 दिन के लिए और बढ़ा दिया है। अब देश में 3 मई तक लॉकडाउन जारी रहेगा। इसके कुछ ही देर बाद मंगलवार दोपहर मुंबई के बांद्रा रेलवे स्‍टेशन पर लगभग हजार की संख्‍या में दिहाड़ी मजदूर जमा होकर अपने गृहनगर भेने जाने की मांग करने लगे। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी। इस बीच नवी मुंबई पुलिस ने विनय दुबे नाम के एक शख्‍स को हिरासत में लिया है। बता दें लॉकडाउन के बीच विनय दुबे पर भीड़ को गुमराह करने का आरोप है।

जानकारी के मुताबिक, विनय दुबे ‘चलो घर की ओर’ कैंपेन चला रहा था। अपने फेसबुक पर शेयर किए गए पोस्ट में उसने टीम के बांद्रा में होने की बात कही थी। हालांकि बाद में पोस्‍ट को हटा दिया गया। हालांकि अब इस मामले में पुलिस ने एक हजार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दुबे के खिलाफ आईपीसी की धारा 117, 153 ए, 188, 269, 270, 505(2) और एपिडेमिक एक्ट की धारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

इस घटना पर गृह मंत्री अमित शाह ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ जारी लड़ाई के बीच ये ठीक नहीं है। जबकि महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने मंगलवार रात उस अफवाह की जांच के आदेश दिये जिसमें कहा गया था कि प्रवासी मजदूरों को उनके राज्यों में वापस ले जाने के लिए ट्रेनें चलायी जा रही है। देशमुख ने कहा है कि जो लोग इस प्रकार की अफवाहें फैलाने के दोषी पाये जाएंगे उनके विरूद्ध कानून के तहत पूरी सख्ती से निबटा जाएंगा। अफवाहों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.