पिंपरी/पुणे। –एन पी न्यूज 24 – कोरोना वायरस के संक्रमण के बढ़ते मामले जहां चिंता का विषय बने हुए हैं। वहीं पुणे जिले से लगातार राहत की खबरें आ रही हैं। पुणे में इलाज के बाद स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो रहे मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी खुशखबर लेकर आई है। पुणे अकेला जिला है, जहां अब तक कोरोना के 10 मरीज ठीक हो चुके हैं। पिंपरी चिंचवड़ शहर में कोरोना संक्रमण से पीड़ित पहले तीन मरीजों को शुक्रवार को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज दिया गया है। वहीं पुणे में आज और दो मरीजों को घर छोड़ा गया।
गत छह दिन से पिंपरी चिंचवड़ में कोरोना संक्रमितों की संख्या स्थिर है। अब तक शहर में कुल 12 मरीज मिले हैं। इनमें से तीन मरीजों को आज डिस्चार्ज दिया गया है। ये वो मरीज हैं जो पिंपरी चिंचवड़ शहर में कोरोना के पहले संक्रमित पाए गए थे। इलाज के बाद उनकी दोनों जांच रिपोर्ट निगेटिव मिली है। इसके चलते आज उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज दिया गया। हॉस्पिटल के स्टाफ ने तालियों की गूंज में उन्हें बिदाई दी। वाईसीएम हॉस्पिटल की एक एम्बुलेंस से आज अस्पताल से उन्हें उनके घर ले जाया गया।
गत 15 दिनों से मेडिटेशन और पुस्तक वाचन से अपना समय व्यतीत किया। वाईसीएम हॉस्पिटल में हमारी अच्छी देखभाल की गई। इस महामारी से बचने के लिए लोग अपने घरों में ही रहें। घरों से बाहर निकलकर अपने और दूसरों के लिए खतरा न बढाएं, यह अपील आज डिस्चार्ज मिले मरीजों ने मीडिया से की बातचीत में की। बहरहाल पहले तीन मरीजों को डिस्चार्ज देने के बाद कल और दो मरीजों को डिस्चार्ज दिया गया। इसके बाद आज और दो मरीजों को इलाज के बाद घर छोड़ा गया।
पुणे मनपा के स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख डॉक्टर राजेंद्र हुंकारे ने बताया, नायडू हॉस्पिटल में भर्ती हुए कोरोना वायरस के दो और मरीजों का रिपीट सैंपल निगेटिव आया है। दोनों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसी के साथ पुणे जिले में कोरोना वायरस के कुल पॉजिटिव केस की संख्या 32 हो चुकी है, जिनमें से 10 को इलाज के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है। पिंपरी चिंचवड़ मनपा आयुक्त श्रावण हार्डिकर ने बताया था कि तीन लोगों के रिपीट सैंपल में कोरोना टेस्ट निगेटिव आया है। आज तीनों को डिस्चार्ज कर दिया गया है।
Leave a Reply