492 साल बाद रजत सिंहासन पर विराजे रामलला 

0

अयोध्या. एन पी न्यूज 24  – 492 साल बाद चैत्र नवरात्रि की शुरुआत के दिन रामलला बुधवार तड़के करीब 3 बजे नए अस्थाई मंदिर में विराजमान हो गए हैं। सुबह 5 बजे अस्थाई भवन में श्री रामलला की भव्य आरती हुई। श्रीरामलला 1528 के बाद पहली बार चांदी के सिंहासन पर विराजमान हुए हैं। रामलला तीनों भाइयों भरत, लक्ष्मण, शत्रुघ्न और हनुमान जी के साथ अस्थायी मंदिर में विराजमान हुए। सभी को अलग-अलग पालकियों में बिठाकर ले जाया गया।

योगी ने 11 लाख का चेक दिया : इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे। योगी आदित्यनाथ ने रामलला को 11 लाख रुपये का चेक सौंपा। राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय को यह 11 लाख का चेक दिया गया। मंदिर निर्माण के मद्देनजर पहला चरण पूरा हो गया है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम त्रिपाल से नए आसन पर विराज गए हैं।

एक दिन पहले से ही जारी रहा अनुष्ठान : इसके पहले श्रीरामजन्मभूमि परिसर के गर्भगृह में उदक शांति पूजा के बाद मंगलवार को सुबह से पूरे दिन विराजमान रामलला को नए गर्भगृह में विराजमान करने के लिए विशेष अनुष्ठान हुआ। उधर, अस्थाई मंदिर परिसर को जागृत करने के साथ ही रामलला के आने के लिए तय मार्ग के परिक्रमा पथ का शुद्धिकरण भी किया गया।  डॉ. कीर्तिकांत शर्मा के नेतृत्व में वैदिक आचार्यों की टीम ने भगवान से कोरोना संकट से संपूर्ण विश्व को मुक्ति दिलाने के लिए भी प्रार्थना की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.