कोरोना का दहशत…धरती पर पहली बार एक अरब लोग घरों में रहे बंद

0

रोम: एन पी न्यूज 24 – भारत सहित दुनिया के कई देशों में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने लिए रविवार को करीब एक अरब लोग घरों में बंद रहे। भारत में एक दिन का ‘जनता कर्फ्यू’चल रहा है, जिसमें लोगों से अपने-अपने घरों में रहने की अपील की गई है। दुनिया के करीब 35 मुल्कों ने बंद (लॉकडाउन) किया है। सरकारें सीमाएं बंद करने को लेकर जद्दोजहद कर रही हैं। दुनिया में 3 लाख से ज्यादा लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इटली में स्थिति गंभीर है जहां 4800 से ज्यादा लोगों की जान गई है। 6 करोड़ की आबादी वाला इटली पिछले साल चीन में सामने आई बीमारी का नया केंद्र बन गया है।

संकल्प लेने का वक्त : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, यह साझा राष्ट्रीय बलिदान का समय है, लेकिन यह अपने प्रियजनों को सुरक्षित रखने का भी वक्त है। उन्होंने कहा कि हमारी बड़ी जीत होगी। वैश्विक नेताओं के महामारी से लड़ने का संकल्प लेने के बीच, मौतों और संक्रमणों की संख्या में इजाफा जारी है, खासकर यूरोप में। इस बीच अमेरिका के खाद्य और औषधि प्रशासन ने कोरोना वायरस के एक ऐसे परीक्षण को मंजूरी दी है, जिससे नतीजे 45 मिनट में मिल जाएंगे।

 स्पेन में बुरा हाल : स्पेन में शनिवार को 32 और लोगों की मौत हुई।प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने टीवी के जरिए किए गए संबोधन में चेताया कि देश को और मुश्किल दिनों के लिए तैयार रहने की जरूरत है। उधर, फ्रांस में घातक संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 562 हो गई है। चीन में इस संक्रमण के मामलों में तेजी से कमी आई है और यूरोप जैसे अन्य प्रभावित स्थानों से मामले आने की आशंका है।

यहां भी मामला गंभीर : फ्रांस, इटली, स्पेन और अन्य यूरोपीय देशों ने लोगों को घर पर रहने का आदेश दिया है और कुछ मामलों में जुर्माना लगाने की चेतावनी भी दी है। ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को नागरिकों को घरेलू यात्राओं को रद्द करने को कहा। ब्रिटेन ने पब, रेस्तरां और थिएटर बंद करने को कहा और लोगों से दहशत में आकर सामान नहीं खदरीने को चेताया। कोरोनो वायरस ने अफ्रीका में 1000 से अधिक लोगों को संक्रमित किया है। पश्चिम एशिया हाईअलर्ट पर है, जहां इस संक्रमण से सबसे ज्यादा ईरान प्रभावित है। ईरान में कोविड-19 ने शनिवार को 123 और लोगों की जान ले ली।

Leave A Reply

Your email address will not be published.