मैजिक शर्ट बनानेवाले स्कूली छात्र रेड्डी सम्मानित

0
पिंपरी : एन पी न्यूज 24 – आपातकाल में महिलाओं का संरक्षण करने के लिहाज से पिंपरी चिंचवड मनपा के महेश रेड्डी नामक स्कूली छात्र ने एक मैजिक शर्ट का अनुसंधान किया है। उसकी यह शर्ट महिलाओं को संकटकाल में सुरक्षा मुहैया कराएगी, इस उद्देश्य से उसका निर्माण किया गया है। इसके लिए महेश की चहुंओर सराहना की जा रही है। उसके इस अनुसंधान के लिए विधायक एवं भाजपा की पिंपरी चिंचवड इकाई के अध्यक्ष लक्ष्मण जगताप ने उसे सम्मानित किया। साथ ही उसके अनुसंधान में हर संभव मदद करने का भरोसा भी दिलाया।
महेश रेड्डी पिंपले गुरव स्थित मनपा के स्कूल का छात्र है। उसे विज्ञान में विशेष रूचि है। महिलाओं पर अत्याचार के बढ़ते मामलों के चलते वह महिलाओं को संरक्षण मुहैया करानेवाला कोई उपकरण बनाना चाहता था। इसी सोच में उसने रबर, कपड़ा, ट्रांजिस्टर और बिजली की तारों के इस्तेमाल से एक शर्ट बनाई। इस शर्ट को उसने जादुई यानी मैजिक शर्ट का नाम दिया है। इसके लिए उसे 300 रुपए की लागत आयी है। महेश का दावा है कि, रात- बरात घर से बाहर जाने या रहनेवाली महिलाओं ने इस शर्ट को पहनने पर संकटकाल में यह शर्ट उसकी हिफाजत करेगा।
असल में महेश ने इस शर्ट में बिजली का प्रवाह प्रवाहित करनेवाला एक बटन लगाया है। आपातकाल में यह बटन दबाने पर शर्ट में बिजली का प्रवाह प्रवाहित होने लगेगा और उसे छूनेवाले को शॉक लग जाएगा। इससे शर्ट पहनने वाली महिला को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा। उसके इस अनुसंधान में उसके स्कूल के शिक्षकों ने उसे काफी मदद की। तालुका स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में उसकी मैजिक शर्ट मुख्य आकर्षण साबित हुई थी। साथ ही जिज्ञासा नामक संस्था ने उसके इन अनुसंधान को राष्ट्रीय स्तर का उत्कृष्ट अनुसंधान का पुरस्कार भी दिया है। उसकी इस उपलब्धि के लिए विधायक लक्ष्मण जगताप ने उसका सम्मान किया और उसे हर अनुसंधान के लिए हर संभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
visit : npnews24.com
Leave A Reply

Your email address will not be published.