Chhath Puja Special : आज से शुरू हो रहा है महापर्व छठ, जानिए अर्घ्य का शुभ मुहूर्त और पूजा की विधि

0

मुंबई : एन पी न्यूज 24 –छठ पूजा कार्तिक शुक्ल पक्ष के षष्ठी को बड़ी ही धूमधाम से मनाया जाता है। इस का शुभारंभ 31 अक्टूबर यानी आज से हो रहा है। ये पर्व पूरे चार दिनों तक चलता है। छठ पूजा सूर्य देव की उपासना कर उनकी कृपा  पाने के लिए की जाती है। हिंदू शास्त्रों के अनुसार सूर्य देव की पूजा करने से घर में धन-धान्य का भंडार रहता है। इस पर्व को खासतौर पर बिहार,  झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित पड़ोसी देश नेपाल में देखने को मिलती है। मान्यता है कि छठ पूजा करने से छठी मैया प्रसन्न होकर व्यक्ति की सभी मनोकामनाएं पूरी कर देती हैं। इस दौरान व्रतधारी लगातार 36 घंटे का व्रत रखते हैं। व्रत के दौरान वह पानी भी ग्रहण नहीं करते हैं।

छठ पूजा तिथि –
31 अक्टूबर 2019- नहाय-खाय
1 नवंबर 2019- लोहंडा और खरना
2 नवंबर 2019- संध्या अर्घ्य
3 नवंबर 2019- सूर्योदय/ ऊषा अर्घ्य और पारण

छठ पूजा मुहूर्त –
2 नवंबर (संध्या अर्घ्य) सूर्यास्त का समय- 17:35:42
3 नवंबर (उषा अर्घ्य) सूर्योदय का समय- 06:34:11

छठ पूजा विधि –
छठ पूजा से पहले निम्न सामग्री जुटा लें और फिर सूर्य देव को विधि विधान से अर्घ्य दें। इसमें बांस की 3 बड़ी टोकरी, बांस या पीतल के बने 3 सूप, थाली, दूध और ग्लास, चावल, लाल सिंदूर, दीपक, नारियल, हल्दी, गन्ना, सुथनी, सब्जी और शकरकंदी, नाशपती, बड़ा नींबू, शहद, पान, साबुत सुपारी, कैराव, कपूर, चंदन और मिठाई, प्रसाद के रूप में ठेकुआ, मालपुआ, खीर-पुड़ी, सूजी का हलवा, चावल के बने लड्डू।

पूजा का विधान –
छठ पूजा में सूर्य देव की पूजा की जाती है और उन्हें अर्घ्य दिया जाता है। सूर्य प्रत्यक्ष रूप में दिखाई देने वाले देवता हैं जो पृथ्वी पर सभी प्राणियों के जीवन का आधार हैं। सूर्य देव के साथ-साथ छठ पर छठी मैया की पूजा का भी विधान है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, छठी मैया या षष्ठी माता संतानों की रक्षा करती हैं और उन्हें दीर्घायु प्रदान करती हैं। शास्त्रों में षष्ठी देवी को ब्रह्मा जी की मानस पुत्री भी कहा गया है। पुराणों में इन्हें मां कात्यायनी भी कहा गया है, जिनकी पूजा नवरात्रि में षष्ठी तिथि पर होती है। षष्ठी देवी को ही बिहार-झारखंड की स्थानीय भाषा में छठ मैया कहा गया है।

visit : npnews24.com

Leave A Reply

Your email address will not be published.