पुणे में तीन विधायकों का पत्ता कटा; मावल भी ‘गैस’ पर

भाजपा की पुणे जिले के 12 समेत कुल 125 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी

0
चिंचवड़ में जगताप, भोसरी में लांडगे, कोथरुड में चंद्रकांत पाटिल प्रत्याशी घोषित
 
पिंपरी : एन पी न्यूज 24 –  शिवसेना के प्रत्याशियों की लिस्ट जारी होने व महायुति की आधिकारिक घोषणा के बाद भाजपा ने मंगलवार को विधानसभा चुनाव के लिए 125 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस बहुप्रतीक्षित लिस्ट में सात मौजूदा विधायकों को फिर मौका दिया गया है जबकि पुणे शहर के मौजूदा तीन विधायकों का पत्ता कट गया है। वहीं मावल विधानसभा को ‘गैस’ पर रखा गया है। पहली लिस्ट में पिंपरी चिंचवड़ शहर की दो, पुणे की आठ और जिले की दो सीटों से प्रत्याशी घोषित किये गए हैं। 
 
पिंपरी चिंचवड़ शहर में जैसे कि उम्मीद जताई जा रही थी, चिंचवड़ विधानसभा से भाजपा के मौजूदा विधायक व शहर इकाई के अध्यक्ष लक्ष्मण जगताप और भोसरी विधानसभा से मौजूदा विधायक महेश लांडगे को प्रत्याशी घोषित किया गया है। पुणे शहर में कोथरुड विधानसभा से मौजूदा विधायक प्रो मेधा कुलकर्णी का पत्ता कट गया है। पुणे जिले के पालकमंत्री और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल के पुनर्वसन के लिए कुलकर्णी की बलि दी गई। वहीं ‘परफॉर्मेंस’ के बेस पर शिवाजीनगर विधानसभा से मौजूदा विधायक विजय काले का पत्ता काट दिया गया है, यहां से सिद्धार्थ शिरोले को प्रत्याशी घोषित किया गया है। इसी प्रकार से पूर्व मंत्री व मौजूदा विधायक दिलीप कांबले का भी पत्ता कट गया है, पुणे कैंटोनमेंट विधानसभा से उनके भाई सुनील कांबले को प्रत्याशी तय किया गया है।
 
भाजपा द्वारा समूचे पुणे जिले में 12 प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। इसमें कोथरुड विधानसभा से जिले के पालकमंत्री चंद्रकांत पाटिल, शिरूर विधानसभा से मौजूदा विधायक बाबुराव काशिनाथ पाचर्णे, इंदापुर विधानसभा से हालिया कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री हर्षवर्धन पाटिल, चिंचवड विधानसभा से मौजूदा विधायक लक्ष्मण जगताप, भोसरी विधानसभा से मौजूदा विधायक महेश लांडगे, वडग़ांव शेरी विधानसभा से मौजूदा विधायक जगदीश मुलिक, शिवाजीनगर विधानसभा से सिद्धार्थ शिरोले, खड़कवासला विधानसभा से मौजूदा विधायक भीमराव तापकिर, पर्वती विधानसभा से मौजूदा विधायक व भाजपा की पुणे शहराध्यक्ष माधुरी मिसाल, हड़पसर विधानसभा से मौजूदा विधायक योगेश तिलेकर, पुणे कैंटोनमेंट विधानसभा से सुनील कांबले, कसबा पेठ विधानसभा से महापौर मुक्ता तिलक का समावेश है। यहां मावल विधानसभा में भाजपा की टिकट के लिए श्रम व पुनर्वसन राज्यमंत्री बाला भेगड़े और वरिष्ठ नेता सुनील शेलके के बीच भारी होड़ लगी है। इसके चलते मावल का फैसला फिलहाल अनिर्णीत रखा गया है।
Leave A Reply

Your email address will not be published.