बिहार : वशिष्ठ नारायण फिर बने जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष

0

पटना : एन पी न्यूज 24 –   बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष रहे वशिष्ठ नारायण सिंह को फिर से पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। इसकी विधिवत घोषणा शुक्रवार को यहां राज्य परिषद की बैठक में की गई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मौके पर फिर से सिंह को प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा कि सिंह एक बार फिर से पार्टी मजबूत करने में जुटेंगे। उन्होंने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य की 243 विधानसभा सीटों में से 200 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने का दावा किया।

उन्होंने कहा, “हम लोगों ने बिहार की जनता की सेवा की है। अगले चुनाव में हम लोग 200 से कहीं अधिक सीट लेकर आएंगे। किसी को कोई गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए।”

वशिष्ठ नारायण सिंह चौथी बार जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष चुने गए हैं।

इधर, फिर से अध्यक्ष चुने जाने के बाद वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की राजनीति में जो वर्षों पूर्व पौधा लगाया था, उसने अब वृक्ष का रूप ले लिया है। उन्होंने कहा कि बिहार विकास के पथ पर आगे बढ़ चला है, परंतु अभी भी बहुत कुछ करना शेष है। सिंह ने कहा कि उनकी कोशिश होगी कि पार्टी को वर्तमान स्थिति से मजबूत करें।

उल्लेखनीय है कि सिंह ने गुरुवार को पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए नामांकन का पर्चा भरा था। नामांकन पत्र भरने की समयावधि समाप्त होने तक किसी अन्य के नामांकन पत्र नहीं दाखिल किए जाने के बाद सिंह के लगातार चौथी बार इस पद पर चुना जाना तय माना जा रहा था।

पार्टी के प्रमुख और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नजदीकी माने जाने वाले सिंह साल 2010 में पहली बार इस पद के लिए चुने गए थे।

visit : http://npnews24.com

Leave A Reply

Your email address will not be published.