एमएस धोनी आज शाम 7 बजे करेंगे संन्यास का ऐलान?, सोशल मीडिया पर विराट ने शेयर की ये तस्वीर

0

रांची :एन पी न्यूज 24 – भारतीय टीम के सबसे दिग्गज कप्तान रहे एमएस धोनी क्रिकेट से संन्यास लेने वाले हैं। ऐसी खबरें सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई है। इंटरनेट पर चर्चाएं हैं कि एमएस धोनी आज शाम संन्यास का ऐलान कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर लोग ट्वीट कर बता रहे हैं कि एमएस धोनी अपने संन्यास के ऐलान को लेकर शाम 7 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं।

सोशल मीडिया पर धोनी के संन्यास की खबरें टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली के ट्वीट के बाद फैली है। विराट ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक फोटो शेयर की है, जिसमें वो धोनी के सजदे में झुके हुए हैं। उन्होंने लिखा है कि ‘ये मैच मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा। खास रात। इस शख्स ने मुझे फिटनेस टेस्ट की तरह भगाया।’ विराट कोहली के इस ट्वीट के बाद से ही लोग सोशल मीडिया पर मनगढ़ंत कहानियां गढ़ने लग गए। जिसमें वे ऐसा दावा कर रहे हैं कि महेंद्र सिंह धोनी आज क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। हालांकि बीसीसीआई या धोनी की तरफ से अभी तक ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है।

गौरतलब हो कि धोनी अपने बड़े-बड़े फैसले अचानक लेते हैं जिससे दुनिया हैरान हो जाती है। साल 2014-15 में धोनी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के बीच में ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद साल 2017 में एमएस धोनी ने लिमिटेड ओवर फॉर्मेट की कप्तानी भी अचानक छोड़ दी थी। इंग्लैंड दौरे से पहले धोनी ने कप्तानी से इस्तीफा दिया और उसके बाद विराट कोहली ने टीम की बागडोर संभाली।

Leave A Reply

Your email address will not be published.