प्रकाश मुगड़िया महाराष्ट्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष नियुक्त

0

नई दिल्ली : एन पी न्यूज 24 – महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को प्रकाश मुगड़िया को पार्टी की राज्य इकाई का उपाध्यक्ष और नारायण आंबेडकर और राहुल दवे को सचिव नियुक्त किया। गांधी ने रत्नागिरी, वसई विरार शहर और पालघर के जिला अध्यक्ष भी नियुक्त किए।

एक आधिकारिक बयान में पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, “सोनिया गांधी ने राज्य उपाध्यक्ष के रूप में मुगड़िया और महाराष्ट्र कांग्रेस कमेटी के सचिव के रूप में आम्बेडकर और दवे की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।”

उन्होंने रत्नागिरी के जिला प्रमुख के रूप में अधिवक्ता विजय भोसले, वसई विरार शहर जिला अध्यक्ष के रूप में ओनिल अल्मेडा और पालघर के जिला अध्यक्ष के रूप में दिवाकर पाटील की नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी है।

राज्य में वापसी की जुगत में लगीं सोनिया गांधी ने पिछले महीने राज्य के पूर्व मंत्री सतीश चतुर्वेदी के निष्कासन को भी निरस्त कर दिया।

10 अगस्त को पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद सोनिया गांधी ने कई संगठनात्मक फैसले किए हैं।

सोनिया ने अगस्त में एक स्क्रीनिंग कमेटी गठित की थी, जिसका अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को बनाया था और हरीश चौधरी और मणिकम टैगोर समिति के सदस्य बनाए गए थे।

उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे को राज्य का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया, और बालासाहेब थोरात को राज्य इकाई का अध्यक्ष और के.सी. पडवी को सीएलपी नेता नियुक्त किया।

2014 के चुनाव में, 288 सदस्यीय विधानसभा में 122 सीटें जीतकर भाजपा सत्ता में आई थी। भाजपा की सहयोगी शिवसेना ने 62 सीटें जीती थी। कांग्रेस और राकांपा को क्रमश: 42 और 41 सीटें मिली थीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.